पिछले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 28 लोगों की जान चली गई है। असम, अरुणाचल प्रदेश से लेकर मिज़ोरम तक में बाढ़ और भारी बारिश से जानमाल का नुक़सान हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बांग्लादेश के ऊपर बने निम्न दबाव के कारण शुक्रवार को भारी बारिश हुई। इसके बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अरुणाचल प्रदेश में हादसे
अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार रात नेशनल हाईवे 13 पर भूस्खलन के कारण एक गाड़ी खाई में गिर गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा पूर्वी कामेंग जिले के बाना और सेप्पा के बीच हुआ। एक अन्य घटना में निचले सुबनसिरी जिले में भूस्खलन से दो लोगों की जान गई।
असम में बाढ़ और भूस्खलन
असम में गुवाहाटी शहर भारी बाढ़ से प्रभावित हुआ। बोंदा इलाके में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई। शनिवार को गुवाहाटी और कामरूप जिले में स्कूल-कॉलेज बंद रहे। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश की घोषणा की। शनिवार तक असम के 12 जिलों में बाढ़ का असर रहा और गोलाघाट और लखीमपुर में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की जान गई।
मिजोरम में स्थिति
मिजोरम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शनिवार दोपहर तक राज्य में 113 जगहों पर भूस्खलन की खबरें आईं, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई।
पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में प्रशासन सतर्क है और लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है। मणिपुर में तीन दिनों की लगातार भारी बारिश ने राज्य की राजधानी इम्फाल में रोजमर्रा की जिंदगी को ठप कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की खबरें हैं। प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है और इम्फाल नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।