
Sheetla Mata Mandir Lucknow (Image Credit-Social Media)
Sheetla Mata Mandir Lucknow
Sheetla Mata Mandir Lucknow: हमारे देश में कई ऐसे मंदिर है जिनका अपना अलग महत्व है और साथ ही उनकी मान्यताएं भी अलग-अलग हैं। वहीं आज हम आपको लखनऊ के शीतला मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं। जिसे बेहद चमत्कारिक मंदिर भी कहा जाता है। आइये जानते हैं कहां स्थित है यह मंदिर और क्या है इसकी मान्यताएं।
लखनऊ का शीतला माता मंदिर
लखनऊ के चमत्कारिक श्री बड़ी शीतला देवी मंदिर की काफी मान्यताएं हैं। यहां पर शीतला माँ अपनी सात बहनों के साथ विराजमान हैं। साथ ही यहां पर शीतला अष्टमी के दिन आठों का मेला लोगों को खूब आकर्षित करता है। आपको बता दे की स्कंदपुराण में वर्णित है कि शीतला माता का वाहन गर्दभ है। उनके हाथों में कलश,धूप, मार्जिन, झाड़ू और नीम के पत्ते नजर आते हैं। ऐसी भी मान्यता है कि माँ शीतला चेचक आदि कई रोगों का निदान करती है। साथ ही गर्दभ की लीद के लेपन से चेचक के दाग भी मिट जाते हैं।
इस मंदिर को लेकर कहा जाता है कि साल 1779 में बंजारों ने यहाँ एक तालाब में माता के पिंडी रूप के दर्शन किए थे। जिसके बाद पिंडी रूपों को मंदिर में स्थापित करवाया गया। जो फिलहाल श्री बड़ी शीतला देवी मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है। यहां माता शीतला अपनी सात बहनों के साथ स्थित है। इन सात बहनों में माता सरस्वती, माता काली, मां दुर्गा, मां भैरवी और मां खजुरिया शामिल है। इसके अलावा मंदिर में आपको मां अन्नपूर्णा, मां चंडी, मनसा देवी और संकटा माता भी विराजमान नजर आएंगीं।
मंदिर के पास ही टिकैत राय तालाब भी स्थित है। जिसके लिए मान्यता है कि नवाब और राजा टिकैत राय भी इस मंदिर में मां के दर्शन करने जाते थे तथा उनका संरक्षण भी इस मंदिर को प्राप्त था। यह मंदिर लखौरी ईटों से बना हुआ है और काफी प्राचीन है। यहां पर आपको चार मुखी शिवलिंग सहित 28 शिवलिंग के दर्शन होंगे। शीतला अष्टमी पर यहाँ मुंडन कर्णछेदन जैसे कई संस्कार भी लोग करवाते हैं।


