
डा दिनà¥à¤¶ शरà¥à¤®à¤¾ (Photo- Newstrack)
डा दिनà¥à¤¶ शरà¥à¤®à¤¾ (Photo- Newstrack)
Dr. Dinesh Sharma; राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर स्थित शारदा विश्वविद्यालय में इंडियन डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक विशाल समागम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष कुर्सी की चाहत में समाज को बांटने की साजिश कर रहा है, क्योंकि देश की बढ़ती ताकत और लोगों की एकता उनके गले नहीं उतर रही है।
डॉ. शर्मा ने जोर देकर कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आने वाले समय में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत एक समर्थ देश है जो हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी देश अपने हथियार खुद बना रहा है, किसानों की उपज बढ़ी है और निर्यात भी बढ़ रहा है, जिससे उनमें नई चेतना जागृत हुई है।
शारदा विश्वविद्यालय में भारत डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि पिछले 11 साल में भारत तेजी से आगे बढ़ा है, क्योंकि व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने उस दौर को याद किया जब देश के लोग अमेरिका से आए खराब लाल रंग के गेहूं को खाने के लिए मजबूर थे, और आज 80 करोड़ लोगों को 10 किलो गेहूं और चावल मुफ्त मिल रहा है। उन्होंने पाकिस्तान की स्थिति से तुलना करते हुए कहा कि वहां राशन के लिए मारपीट हो रही है।
नारी शक्ति का सशक्तिकरण और सुरक्षा:
सांसद ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। भारत सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित किया है। देश में महिलाएं बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां निभा रही हैं, और उत्तर प्रदेश सरकार तो कन्याओं के विवाह की व्यवस्था भी कर रही है।
आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक पहचान:
डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत आज याची नहीं बल्कि दाता बनकर उभरा है। एक समय था जब गंभीर बीमारियों के टीकों के लिए भारत विदेशों पर निर्भर था, लेकिन कोरोना के समय में भारत ने तीन टीके विकसित किए। जिस अमेरिका ने कभी खराब गेहूं दिया था, वह कोविड के समय में दवा के लिए भारत के सामने विनती कर रहा था। देश ने कोरोना काल में देश और विदेश के लोगों को सुरक्षित करने का काम किया। इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है, जिसके चलते मेरठ से दिल्ली की दूरी मात्र डेढ़ घंटे में पूरी की जा रही है और पहली रैपिड रेल मेरठ-दिल्ली के बीच चली है।
शिक्षा का हब बन रहा उत्तर प्रदेश:
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा का हब बन रहा है। नैक की ग्रेडिंग में भी यूपी के विश्वविद्यालय आगे आ रहे हैं। पहले के समय में लोग बच्चों को शिक्षा के लिए विदेश भेजते थे, पर आज विदेशी छात्र शिक्षा के लिए भारत आ रहे हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि करीब 90 देशों के विद्यार्थी तो शारदा यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं।
सुरक्षा नीति में बदलाव: गोली का जवाब गोले से:
डॉ. शर्मा ने आतंकवाद पर भारत की बदली हुई नीति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पहले आतंकवादी भारत में आतंकी वारदातें करके पाकिस्तान वापस लौट जाते थे, और मुंबई जैसी घटना के समय भी कांग्रेस सरकार ने पाकिस्तान को कोई कड़ा संदेश नहीं दिया था। लेकिन मोदी राज में आतंकी वारदात पर चुप्पी साधने की नीति बदल गई है। पुलवामा की घटना का पाकिस्तान में घुसकर जवाब दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार तो पाकिस्तान की गोली का जवाब सफेद कबूतर उड़ाकर देती थी, पर आज मोदी राज में गोली का जवाब गोले से दिया जाता है।
सामाजिक संगठनों का महत्व और सनातन की ताकत:
डॉ. शर्मा ने कहा कि बदलाव के लिए सामाजिक संगठनों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समाज के सुख-दुख के साथी ईश्वर के सबसे निकट होते हैं, और ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ ही देश की भावना है। मोदी-योगी राज में सबका कल्याण होता है, जबकि कुछ लोग समाज में जातिवाद का जहर घोल रहे हैं और सनातन परंपरा को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा मानव के कल्याण और सबको साथ लेकर चलने की बात करती है, यहां तक कि जीव-जंतुओं के कल्याण की भी बात होती है। उन्होंने कुंभ मेले का उदाहरण दिया, जहाँ 66 करोड़ लोगों ने बिना किसी भेदभाव के सामंजस्य से स्नान किया, और यह संख्या लोकसभा चुनाव में वोट डालने वालों की संख्या से कहीं अधिक थी। उन्होंने कहा कि सनातनियों की यही एकता विपक्ष के लोगों के गले नहीं उतर रही है, इसलिए वे अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और हिंदू-मुसलमान के बीच झगड़ा कराने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि जब लोग एक होंगे तभी देश और प्रदेश मजबूत होगा।
कानून का राज और विकास:
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष के लोगों ने मुसलमानों को अशिक्षित रखने की बड़ी साजिश की है, ताकि उनके वोट पर कब्जा बनाए रखा जाए। वे चाहते हैं कि वे पत्थर चलाते रहें और जीवन में आगे न बढ़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 साल के राज में कोई दंगा नहीं हुआ है। अब दंगा कराने वाले प्रदेश से भाग गए हैं अथवा जेल में हैं। प्रदेश में आज कानून का राज है, मकानों पर कब्जा नहीं होता और अपराध करने वालों पर तत्काल ही कड़ी कार्रवाई हो रही है। उन्होंने उन लोगों पर भी टिप्पणी की जो कथावाचकों पर बयानबाजी कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि वे असल में धीरेंद्र शास्त्री जी के एकता के संदेश का विरोध कर रहे हैं।
इस अवसर पर जगतगुरु ब्रह्मानंद जी महाराज वृंदावन, उप कुलाधिपति वीके गुप्ता जी, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दादरी गीता पंडित, वरिष्ठ किसान नेता ठाकुर भानु प्रताप सिंह, कार्यक्रम के आयोजक मोहित रावत एवं सतेंद्र सिसोदिया आदि उपस्थित रहे।