
I Love Constitution Poster in Lucknow (Photo: Newstrack)
I Love Constitution Poster in Lucknow
Poster War in Lucknow: उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद अब पूर्ण पोस्टर वार का रूप ले चुका है। जिसमें अब कांग्रेस पार्टी भी शामिल हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर आई लव कॉन्स्टिट्यूशन लिखीं होर्डिंग लगवाई गई है। उसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक बड़ी तस्वीर है, जिसमें संविधान की प्रति हाथ में लिए हुए हैं। पोस्टर वार का विवाद धीरे-धीरे राजनीतिक रंग लेता जा रहा है, भाजपा, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को आमने-सामने ला दिया है।
कांग्रेस ने संविधान को बनाया केंद्र
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अब्दुल्लाह शेरखान ने पार्टी कार्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगवाई है। इस होर्डिंग पर आई लव कॉन्स्टिट्यूशन लिखा है, जो देश के संविधान के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस होर्डिंग में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक बड़ी सी तस्वीर है, जिसमें संविधान की प्रति हाथ में लिए हुए हैं। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधान सभा में पार्टी की नेता आराधना मिश्रा की तस्वीरें हैं। इस कदम को कांग्रेस द्वारा राजनीतिक संघर्ष को संवैधानिक मूल्यों की ओर मोड़ने की एक सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
इस तरह शुरू हुआ पोस्टर वार
इस विवाद की शुरुआत कुछ समय पहले कानपुर में आई लव मोहम्मद के पोस्टर लगाए जाने से हुई। उस पोस्टर को लगाने वाले पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का आरोप लगा, जिसके बाद लड़ाई राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में फैल गई। इसी तरह के पोस्टर जगह-जगह लगाए जाने लगे। इस पुलिस कार्रवाई के विरोध में बरेली में प्रदर्शन हुआ, जहां माहौल खराब हो गया और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके जवाब में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ बरेली पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर माहौल शांत कराया। इसके बाद राजनीतिक पलटवार शुरू हुआ।
भाजपा और सपा का पलटवार
बरेली पुलिस की कार्रवाई के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने लखनऊ की सड़कों पर ‘आई लव योगी’ और ‘आई लव बुलडोजर’ के होर्डिंग लगवाएं, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली को रेखांकित कर रहे थे। भाजपा के इस कदम के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता पोस्टर वार में कूद पड़े। सपा नेताओं ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘आई लव अखिलेश’ के होर्डिंग लगवाना शुरू कर दिए। जो पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में लगाए गए। कांग्रेस नेता द्वारा आई लव कॉन्स्टिट्यूशन की होर्डिंग लगवाई गई है। इससे साफ है कि यह पोस्टर वार सिर्फ प्रचार माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति में तीखी वैचारिक लड़ाई का मैदान बन चुका है।