Chandauli News:चंदौली में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व संविधान सभा के सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व रेल मंत्री पं कमलापति त्रिपाठी की 120 वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया गया। जयंती समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में पं कमलापति त्रिपाठी जी को याद करते हुए उनके प्रपौत्र पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने कहा कि अगर गठबंध की सहमति मिली तो पर दादा की विरासत को संभालूंगा।क्षेत्र की जनता की सेवा करूंगा।
चन्दौली पं कमलापति त्रिपाठी की कर्मभूमि रही। वे सर्वजन के प्रिय राजनेता रहे और चन्दौली उनका हमेशा ऋणी रहेगा।उन्होंने कहा कि पंडित जी के दिखाए हुए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।उन्होंने कहा कि पंडित जी का चंदौली के एक – एक परिवार और व्यक्ति से लगाव रहा है। जिसकी वजह से आज भी विकास की बात होने पर पंडित जी के कार्यो का उदाहरण दिया जाता है। आज की सरकारें उनके कार्यो की मरम्मत व रखरखाव करा पाने में असफल है।उनकी वजह से जिला बनने से पूर्व चन्दौली का उत्तर प्रदेश के मानचित्र पर बड़ी प्रमुखता से छाया रहता था।यहां शिक्षा , स्वास्थ्य, रोजगार, नहरों का जाल , विद्युत, बांध, इंटर कॉलेज, पॉलिटेक्निक, डिग्री कॉलेज,अस्पताल के साथ ही यहां जो कुछ दिख रहा है उस पर राजनीति के मनीषी और मानवता के ऋषि पंडित जी के व्यक्तित्व की छाप दिखायी देती है। खेती के लिए उनके द्वारा किये गए प्रयास का परिणाम है कि चन्दौली को लोग धान का कटोरा के रूप में जानते हैं।उन्होंने कहा कि पंडित जी ने न सिर्फ चंदौली का ही विकास किया है बल्कि वाराणसी सहित आस पास के जिलों के विकास में भी उनका अमूल्यनिय योगदान है।
कार्यक्रम में आये लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जी ने चंदौली में विकास की जो लकीर बनाई है, उसको विकास के मामले में पार करना तो दूर बराबरी भी करने वाला अब तक कोई राजनेता नहीं हुआ। अपने संबोधन में पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी डॉ० नारायण मूर्ति ओझा ने कहा कि पंडित जी का जीवन आज के राजनेताओं के लिए अनुकरणीय है ।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने जयंती समारोह में आये अतिथियों सहित पंडित जी के पपौत्र पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि चन्दौली का कण कण पंडित जी का ऋणी रहेगा।जयंती समारोह में देवेंद्र सिंह मुन्ना,आनंद शुक्ला, धनंजय सिंह, प्रभु नाथ सिंह, सतीश बिंद, मधुराय के साथ ही अन्य वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।