Delhi Election 2025 :�समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का बड़ा ऐलान किया है। सपा मुखिया ने कहा कि हम आप को समर्थन देने के साथ ही उसके साथ मंच भी साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आप ही भाजपा को हराने में सक्षम है और इसलिए हमने आप को समर्थन देने का फैसला किया है। सपा मुखिया की ओर से किए गए इस ऐलान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पार्टी की ओर से आभार जताया है।
सपा मुखिया का यह कदम सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि दिल्ली में कांग्रेस भी चुनाव मैदान में है मगर उन्होंने कांग्रेस को किनारे लगाते हुए आप को समर्थन देने की घोषणा की है। अखिलेश यादव का यह ऐलान कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अखिलेश यादव के इस ऐलान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव वहीं जाएंगे,जहां कांग्रेस कमजोर हो रही हो।
सपा मुखिया ने दिल्ली में कांग्रेस को बताया कमजोर
आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के ऐलान के साथ ही सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस कमजोर स्थिति में दिख रही है। कांग्रेस बीजेपी को हराने की स्थिति में नहीं है। सपा का समर्थन उसी दल को रहेगा जो भाजपा को हराने में सक्षम हो। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ही भाजपा को मजबूत चुनौती देती हुई दिख रही है और इसलिए हमने आप को समर्थन देने का फैसला किया है।
इससे पहले भी अखिलेश यादव आम आदमी पार्टी का समर्थन करते हुए दिखे थे। पिछले दिसंबर महीने के दौरान उन्होंने दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आप की ओर से आयोजित महिला अदालत कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली में एक मौका और मिलना चाहिए। उनका कहना था कि सपा पूरी जिम्मेदारी के साथ आप के साथ खड़ी है। आम आदमी पार्टी को जब भी सहयोग और मदद की जरूरत होगी, हम उसके साथ खड़े दिखाई देंगे।
अखिलेश के समर्थन से कांग्रेस को बड़ा झटका
चुनाव आयोग ने आज ही दिल्ली के विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया है। चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक दिल्ली में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे जबकि 8 फरवरी को मतगणना के बाद नतीजे की घोषणा की जाएगी। 10 जनवरी से 17 जनवरी तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
दिल्ली में चुनावी घमासान शुरू होने के साथ ही सपा मुखिया के समर्थन के ऐलान को आप के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिल्ली में आप और कांग्रेस की ओर से एक-दूसरे को चुनौती दी जा रही है मगर अखिलेश यादव ने आप के समर्थन के साथ ही कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है।
केजरीवाल ने जताया अखिलेश के प्रति आभार
दिल्ली में काफी संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े हुए लोग रहते हैं और ऐसे में आप को सपा का समर्थन आप को मजबूती प्रदान करने वाला साबित हो सकता है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने समर्थन के ऐलान के बाद अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में अखिलेश यादव को बहुत-बहुत शुक्रिया कहा है। केजरीवाल ने कहा कि आपका हमेशा हमें सपोर्ट मिलता रहा है और इसके लिए मैं और दिल्ली की जनता आपकी आभारी है।
कांग्रेस ने साधा अखिलेश पर निशाना
सपा मुखिया अखिलेश यादव के ऐलान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मूलत: वहां जाएंगे जहां कांग्रेस कमजोर हो रही है। उनका आम आदमी पार्टी के साथ जाना स्वाभाविक था। उन्होंने कहा कि सपा को यह बात याद रखनी चाहिए कि अरविंद केजरीवाल ने जिन नेताओं को सबसे अधिक गाली दी थी, उनमें एक मुलायम सिंह यादव भी थे।
कांग्रेस ने इस बार संदीप दीक्षित को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने दावा किया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में केजरीवाल हार जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं और इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी ताकत दिखाएगी।�