
Etawah News (Social Media)
Etawah News (Social Media)
Etawah News: समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा भारतीय वायुसेना की एक महिला अधिकारी पर की गई कथित जातिगत टिप्पणी और सपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं उनके परिवार पर की गई अभद्र टिप्पणियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने रविवार को इटावा में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रामगोपाल यादव और समाजवादी पार्टी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
‘रामगोपाल यादव मांगें माफी’ के लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने कहा कि सपा की संकीर्ण मानसिकता एक बार फिर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि वायुसेना की एक सम्मानित महिला अधिकारी के खिलाफ जातिगत टिप्पणी करना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह सेना जैसे गरिमामय संस्थान का भी अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी माफी मांगने के बजाय, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर व्यक्तिगत और अशोभनीय टिप्पणियों का सहारा लेकर अपनी विकृत मानसिकता का परिचय दे रही है। उन्होंने कहा कि सपा की सोशल मीडिया टीम द्वारा की गई यह टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा की सभी सीमाएं लांघती है और महिलाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण को उजागर करती है।
‘यह केवल एक नेता नहीं, पूरे समाज पर हमला’
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह केवल एक नेता पर व्यक्तिगत हमला नहीं है, बल्कि यह देश के संविधान, सैन्य प्रतिष्ठानों, महिलाओं की गरिमा और ब्राह्मण समाज की प्रतिष्ठा पर सीधा प्रहार है। उन्होंने सपा पर जातिवादी और महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की कि वे भारतीय सेना, दलित समाज, महिलाओं और ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीति की नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय गरिमा की रक्षा की है। प्रदर्शन में भाजपा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान ‘रामगोपाल यादव माफी मांगो’ और ‘सपा होश में आओ’ जैसे नारे गूंजते रहे।