
Vote Adhikar Yatra
Vote Adhikar Yatra
Vote Adhikar Yatra: बिहार की सियासत आज 1 सितंबर यानी सोमवार को पटना में कांग्रेस की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के समापन के साथ गरमा गई। 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा आज राजधानी पटना पहुंची, जहां लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान महागठबंधन और इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता भी उनके साथ इस यात्रा में शामिल हुए।
गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से लेकर हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक राहुल गांधी खुले वैन में सवार होकर पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, TMC नेता यूसुफ पठान, भाकपा महासचिव डी. राजा, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी समेत कई बड़े नेता इस यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी झंडा थामकर ज़ोरदार नारेबाजी की और माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्या है?
कांग्रेस की इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को उनके वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करना बताया गया है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हर वोट की एक कीमत है और जनता को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। इसी बीच CPI (ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पीएम मोदी और नीतीश सरकार पर तगड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब चौकीदार चोर का नारा दिया गया तो BJP और संघ के सभी लोग कहने लगे कि हम भी चौकीदार। लेकिन वोट चोरी के आरोप पर प्रधानमंत्री के साथ कोई खड़ा नहीं है। नीतीश कुमार और NDA की डबल इंजन सरकार असल में डबल विश्वासघात वाली सरकार है।”


