
कांग्रेस में शामिल होंगे आजम खान? राहुल गांधी के साथ होर्डिंग में तस्वीर, अखिलेश नदारद (Photo- Newstrack)
Will Azam Khan join Congress? Photo in hoarding with Rahul Gandhi, Akhilesh Nadard
UP Politics: राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्यालय के ठीक बाहर लगी एक होर्डिंग ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस होर्डिंग में कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की तस्वीरें दिखाई गई हैं। हालांकि इस होर्डिंग से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर पूरी तरह से नदारद है। जिसने राजनीतिक विश्लेषकों को कई कयास लगाने पर मजबूर कर दिया है।
कांग्रेस में शामिल होने के कयास
सपा मुख्यालय के बाहर होर्डिंग को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग के कॉर्डिनेटर आसिफ रिजवी रिंकू ने लगवाया है। होर्डिंग के नीचे लिखा गया है कि हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, संघर्ष हमारा जारी रहेगा, आजम खान जिंदाबाद, आजम खान को रिहाई की दिली मुबारकबाद। इस खास संदेश ने प्रदेश के राजनीतिक विश्लेषकों को कई कयास लगाने पर मजबूर कर दिया है। बता दे कि सपा के कद्दावर नेता आजम खान हाल ही में 23 महीने जेल में बिताने के बाद रिहा हुए हैं। इस दौरान उनके और सपा नेतृत्व के बीच तनाव की खबरें लगातार आती रही है।
सपा से नाराज़गी की मुख्य वजह
होर्डिंग को राजनीतिक विश्लेषक आजम खान के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के संभावित संकेत के तौर पर देख जा रहा हैं। आजम खान की सपा से नाराज़गी की मुख्य वजह यह बताई जा रही है कि उनके जेल में रहने के दौरान सपा का बड़ा नेता उनसे मिलने नहीं गया। इतना ही नहीं जेल से रिहा होने के समय भी सपा का कोई बड़ा नेता उन्हें लेने के लिए नहीं पहुंचा। वहीं जेल में रहने के दौरान कांग्रेस पार्टी ने आजम खान को कानूनी सहायता प्रदान करने में मदद की थी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी जेल में मिलने का प्रयास किया था, हालांकि मुलाकात नहीं हो पाई थी।
होर्डिंग में आजम खान की तस्वीर
सपा मुख्यालय के सामने लगी होर्डिंग में आजम खान की तस्वीर का होना और अखिलेश यादव का नदारद रहना साफ इशारा करता है कि कांग्रेस आजम खान को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। सपा के अंदरूनी कलह और आजम खान की कथित नाराजगी को देखते हुए, उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाएं लगाई जा रही हैं, जिससे उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा बदलाव आ सकता है। इस पूरे मामले पर न तो सपा और न ही आजम खान की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है। लेकिन यह होर्डिंग राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।