
Pollachi Tour (Social Media)
Pollachi Tour
भारत देश के तमिलनाडु राज्य का पोलाची एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है। यह खूबसूरत शहर कोयंबटूर से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण में स्थित है। यह जगह नारियल की खेती के लिए मशहूर है इस कारण इसे ‘नारियल का शहर’ के नाम से भी जानते हैं। यह जगह खासकर बांधों, झरनों, वन्य जीव अभ्यारण्य, चाय के बागान, मंदिर और हरे भरे प्राकृतिक वातावरण के लिए पर्यटकों के बीच मशहूर है। प्राकृतिक रूप के साथ साथ इस शहर का ऐतिहासिक महत्व भी है। इस शहर का संबंध दक्षिण के चोल राजवंश से जुड़ा है। उस शासनकाल में यह शहर “मुडी कोंडा चोल नल्लूर” नाम से मशहूर था। बाद में इसका नाम पोलाची पड़ गया। इस जगह मवेशियों का प्रसिद्ध बाज़ार लगता है इसके अलावा यहां की सब्जी और गुड़ की मंडी भी लोकप्रिय है।
घूमने के लिए Pollachi में कई लोकप्रिय स्थान हैं जिनमें प्रमुख है :
अलियार बांध :
अलियार बांध कोयंबटूर के वालपराई क्षेत्र में पोलाची से लगभग 20 किमी की दूरी पर स्थित है। धुंध वाले पहाड़ों और हरे भरे सीढ़ीनुमा खेतों से घिरा हुआ यह एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है। अलियार बांध एक सामान्य बांध है जो अपनी चारों तरफ फैली प्राकृतिक सुंदरता से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। फोटोग्राफी के लिए यह उपयुक्त जगह है। यहां एक मछलीघर और थीम पार्क है जहां परिवार और दोस्तों के साथ आकर खूबसूरती का लुत्फ उठा सकते हैं।
मंकी वॉटरफॉल :
मंकी वॉटरफॉल अन्नामलाई पर्वत श्रृंखलाओं के बीच मुख्य शहर से करीब 30 किमी दूर स्थित है। शांत वातावरण में स्थित यह जलप्रपात सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। मॉनसून के दौरान इस जगह की खूबसूरती देखने लायक होती है। चारों तरफ हरियाली के साथ ऊंची चट्टान से गिरता झरने का पानी हर किसी को एक बार वहां तक पहुंचने के लिए आकर्षित करता है। हालांकि बिना पूर्व अनुमति के फॉल्स तक जाना मना है। ट्रेकिंग के जरिए यहां तक पहुंचा जा सकता है। मंकी फॉल्स के नाम से मशहूर इस झरने के पास भारी तादाद में बंदर देखने को मिलते हैं इसलिए यहां आने वाले पर्यटकों को अपनी खाने पीने की चीजों से सावधान रहना चाहिए।
नल्लामुडी व्यू पॉइंट :
यह व्यू पॉइंट पोलाची का एक मशहूर पर्यटन स्थल है जहां से इस शहर की खूबसूरती को पर्यटक देखकर अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं। अन्नामलाई पर्वत श्रृंखलाओं की खूबसूरती को भी इस जगह से निहार सकते हैं। इस जगह से सूर्योदय और सूर्यास्त का नज़ारा देखते ही बनता है। इस जगह से यहां पास में स्थित चाय बागानों का लुत्फ भी सैलानी उठा सकते हैं।
थूनक्कड़वु झील :
इस मनमोहक झील वाले पर्यटन स्थल को पोलाची का छिपा हुआ खज़ाना भी कहा जाता है। आसपास का शांत माहौल पर्यटकों को खूब लुभाता है। इस जगह मॉनसून के दौरान भारी तादाद में प्रवासी पक्षी आते हैं इसलिए यह स्थान प्रवासी पक्षियों के घर के नाम से भी प्रसिद्ध है। इस जगह सैलानी नौका विहार के साथ फिशिंग यानि मछली पकड़ने का भी आनंद ले सकते हैं।
मसानी अम्मन मंदिर :
पोलाची में कई मंदिर हैं जिनमें प्रमुख एक मसानी अम्मन मंदिर है जो माता अम्मन जिन्हें दुर्गा या काली का एक रूप माना जाता है को समर्पित है। श्रद्धालुओं को यह मंदिर एक विशाल रूप में मानो धरती से क्षितिज तक दिखाई देती है। यहां देवी की अपार शक्ति के कारण मूर्ति खड़े रूप में न होकर लेटी हुई अवस्था में है। यहां कई अनुष्ठान होते हैं जिसमें पशु बलि, मिर्च पीसने जैसे कार्य शामिल हैं।
तिरुमूर्ति पहाड़ियां :
पोलाची के पास पश्चिमी घाट में स्थित तिरुमूर्ति पहाड़ियां एक खूबसूरत पर्यटक स्थल है। ये पहाड़ियां दक्षिण भारत के फिल्म शूटिंग के लिए मशहूर हैं। यहां से सैलानी श्री अमरलिंगेश्वर मंदिर, तिरुमूर्ति जलप्रपात और तिरुमूर्ति बांध का दृश्य देख कर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
वालपराई :
अन्नामलाई पहाड़ियों में करीब 3,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पोलाची का यह एक मशहूर पर्यटक स्थल है। जंगलों और चाय बगानों के बीच से होते हुए घुमावदार रास्तों से सुंदर नज़ारा देखते हुए आप इस जगह पहुंच सकते हैं। इसके जंगल में नीलगाय, हाथी और तेंदुए जैसे कई जानवर भी देखने को मिल जाएंगे। इस जगह आपको हरियाली और स्वच्छ वातावरण के साथ शांति का एहसास होगा।
इंदिरा गांधी वन्यजीव अभ्यारण्य :
पोलाची में अन्नामलाई पहाड़ियों के बीच स्थित इंदिरा गांधी अभयारण्य में सैलानी कई जीव और वनस्पति को करीब से देख सकते हैं। इस अभ्यारण्य में कुछ लुप्त होती प्रजातियां जैसे बंगाल टाइगर, हाथी, शेर, नीलगिरी लंगूर, पूंछ वाला मकाक, विशाल भारतीय गिलहरी इत्यादि पाए जाते हैं। यहां घूमने के लिए पोलाची स्थित वन्यजीव वार्डन कार्यालय से अनुमति लेनी पड़ती है।
परम्बिकुलम टाइगर रिजर्व :
पोलाची के इंदिरा गांधी वन्यजीव अभयारण्य के निकट करीब 300 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह अभयारण्य यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में शामिल है। यह अभ्यारण्य भारत के मशहूर बाघ अभ्यारण्य में से एक है। वैसे यह टाइगर रिजर्व केरल राज्य के अंदर है, लेकिन यहां प्रवेश पोलाची से होता है। इस टाइगर रिजर्व के भीतर सैलानियों के लिए कई आकर्षण हैं जैसे यहां ठहरने के लिए ट्री हाउस , गाइड के माध्यम से जंगल सफारी सैर और परम्बिकुलम रिजर्व के अंदर स्थित झील में बांस की राफ्टिंग का आनंद । यहां सैलानी वन्य जीवन को वन्य विभाग द्वारा कराए जाने वाले जंगल सफारी के द्वारा करीब से देख सकते हैं। बाघ के अलावा हाथी, भालू, हिरण जैसे जानवर भी सफारी में देखने को मिल जाएंगे। इस अभ्यारण्य में कई प्रजाति के पक्षियों को भी देख सकते हैं।
अमरावती बांध :
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में स्थित इस बांध को सन् 1957 में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण के उद्देश्य से बनाया गया था। पोलाची के करीब अमरावती नदी पर बना बांध सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। इस बांध के निकट घूमते हुए आप अन्नामलाई पहाड़ियों और पलानी हिल्स के नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं। प्रकृति के करीब रहकर यहां उसके सौंदर्य को सुकून से महसूस कर सकते हैं साथ ही इसको अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं। यहां नौका विहार का भी आनंद लिया जा सकता है।
मगरमच्छ पार्क :
अमरावती बांध के करीब स्थित मगरमच्छ पार्क जिसे भारत का सबसे बड़ा मगरमच्छ पार्क के नाम से जाना जाता है पर्यटक सैर कर एक रोमांचक अनुभव कर सकते हैं।
अरवु थिरुकोविल :
आध्यात्मिक अनुभव पाने के लिए योगीराज वेठथिरी महर्षि द्वारा स्थापित किए गए इस आश्रम को चेतना मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। ज्यादातर पर्यटक इस जगह योग और आध्यात्मिक क्रियाकलापों से आत्मिक और मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आते हैं। आप पोलाची आने पर इस जगह भी आ सकते हैं।
उपरोक्त स्थानों के अलावा सैलानी पोलाची के अन्नामलाई पहाड़ियों की तलहटी में ऑर्गेनिक खेती की तहत नारियल, अखरोट, रोसवुड, आमला, चीकू , कोको आदि की खेती भी देख सकते हैं। यहां कई पौष्टिक फलों और सब्जियों का उत्पादन किया जाता है।
कैसे पहुंचें ?
हवाई मार्ग से पोलाची पहुंचने के लिए निकटतम हवाई अड्डा तमिलनाडु का कोयंबटूर हवाई अड्डा है जहां से यह करीब 60 किमी की दूरी पर स्थित है। इस हवाई अड्डे से घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों उड़ानें उपलब्ध हैं। लोकल वाहन या टैक्सी की मदद से आप पोलाची पहुंच सकते हैं।
रेल मार्ग से पोलाची पहुंचने के लिए कोयंबटूर जंक्शन प्रमुख रेलवे स्टेशन है। देश के सभी प्रमुख शहरों से यहां के लिए ट्रेन आती हैं। पोलाची रेलवे स्टेशन में अभी फिलहाल आमान परिवर्तन का काम चल रहा है। कोयंबटूर रेलवे स्टेशन से पोलाची की दूरी करीब 40 किमी है जहां स्थानीय वाहन, बस या टैक्सी से पहुंच सकते हैं।
सड़क मार्ग से पोलाची राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से देश के अधिकांश प्रमुख शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। सड़क मार्ग से अपनी वाहन या बस, टैक्सी के जरिए यहां पहुंचा जा सकता है।
घूमने का सबसे अच्छा समय:
पोलाची घूमने के लिए सबसे अच्छा मौसम नवंबर से फरवरी के बीच का होता है। इस दौरान ना ज्यादा गर्मी पड़ती है ना ठंड , बच्चों के छुट्टियों के दौरान अपने परिवार या दोस्तों संग यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं।


