अंतरिक्ष डॉकिंग के परीक्षण प्रयास में दो भारतीय उपग्रहों को सफलतापूर्वक तीन मीटर की दूरी पर लाया गया और फिर उनको सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया।
डॉकिंग प्रयोग से पहले, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने दोनों स्पैडेक्स उपग्रहों- चेज़र और टारगेट- को एक दूसरे के 3 मीटर के करीब लाकर एक परीक्षण प्रयास किया। हालाँकि, उपग्रहों को फिर सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया और इसरो ने कहा कि डॉकिंग की प्रक्रिया डेटा के विश्लेषण के बाद ही की जाएगी।
30 दिसंबर को लॉन्च किए गए इस मिशन का उद्देश्य छोटे अंतरिक्ष यान का उपयोग करके अंतरिक्ष में डॉकिंग का प्रदर्शन करना है। यदि मिशन सफल हो जाता है, तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत दुनिया का चौथा देश होगा जो जटिल तकनीकों में महारत हासिल करेगा। यह इसके भविष्य के मिशनों जैसे कि चंद्रमा से नमूने लाना, 2035 तक अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना और 2040 तक चंद्रमा पर मानव भेजना आदि के लिए महत्वपूर्ण हैं।
अंतरिक्ष में दो गतिशील उपग्रहों को डॉक करना एक जटिल ऑपरेशन है, इसलिए इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि इसरो सावधानी बरत रहा है। चूंकि यह केवल एक प्रौद्योगिकी प्रदर्शन मिशन है, इसलिए इसे सही तरीके से करना समय पर पूरा करने से अधिक महत्वपूर्ण है।