
Raja Bhaiya Controversy: यूपी के प्रतापगढ़ के कुंडा के बेंती महल से इस बार दशहरे की गूंज कुछ अलग सुनाई दी। जहां आमतौर पर रावण दहन की चर्चा होती है, वहीं इस बार सुर्खियां बटोरीं विधायक राजा भैया ने। उन्होंने अपने अंदाज़ में पत्नी भानवी सिंह को ऐसा जवाब दिया, जो अब पूरे प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
शस्त्र पूजन बना राजनीति का केंद्र
राजा भैया हर साल की तरह इस बार भी अपने विशाल शस्त्रागार में रखे हथियारों की पूजा में जुटे। लेकिन खास बात यह रही कि इस बार उन्होंने अपने पूजन की तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक कर दिए। महल में सजे करीब 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों का नजारा सोशल मीडिया पर छा गया। तलवारें, बंदूकें और चमचमाते हथियारों की कतार ने दशहरा का यह नज़ारा खास बना दिया।

पत्नी के आरोप और खुला जवाब
दरअसल, इस पूरे घटनाक्रम की जड़ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच का विवाद है। 18 सितंबर को भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजा भैया के पास अवैध विदेशी हथियारों का ज़खीरा है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि इनमें से कुछ हथियार ऐसे हैं, जो मास डिस्ट्रक्शन यानी बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकते हैं।
भानवी के आरोपों का असर इतना बड़ा था कि मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा। 3 जून 2025 को उन्होंने पीएमओ को लिखित शिकायत भेजी थी, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने जांच के आदेश भी दिए।
राजा भैया का पलटवार
भानवी के इस आरोप का जवाब राजा भैया ने इस बार सीधा जनता के सामने दिया। दशहरे पर उन्होंने साफ कर दिया कि उनके पास मौजूद हर हथियार कानूनी है और दशहरा पर उनकी पूजा करना सालों की पुरानी परंपरा है।
राजा भैया के करीबी और विधायक अक्षय प्रताप सिंह उर्फ़ गोपाल जी पहले ही इस विवाद को फर्जी बता चुके थे। उनका कहना था कि भानवी सिंह द्वारा साझा की गई तस्वीरें और आरोप पूरी तरह झूठे हैं। गोपाल जी ने यहां तक कहा था कि यदि किसी को सच्चाई देखनी है तो दशहरे पर आकर असलियत देख ले।
विवाद का बढ़ता दायरा
पति-पत्नी का यह विवाद अब निजी दायरे से निकलकर राजनीति और प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच चुका है। भानवी सिंह का दावा है कि राजा भैया न केवल अवैध हथियार रखते हैं बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। वहीं राजा भैया ने दशहरे की रस्म को अपने बचाव का सबसे बड़ा हथियार बना लिया है।