
Neha Singh Rathore: भोजपुरी गायिका नेहा सिंह राठौर अक्सर अपने सवालों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। अपनी राजनीतिक और सामाजिक टिप्पणियों के लिए जानी जाने वाली नेहा की एक बार फिर चर्चा तेज है। दरअसल, उन्होंने इस बार फिर ट्वीट के जरिए केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा है। और पुलवामा और पहलगाम हमलों से जुड़े गंभीर सवाल पूछे हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
नेहा सिंह राठौर का ट्वीट बना चर्चा का विषय
नेहा सिंह राठौर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कुछ ही देर पहले एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘सरकार इन सवालों से डरती है:
पहला सवाल: पुलवामा हमले के लिए RDX कहां से आया?
दूसरा सवाल: पहलगाम हमले के समय पर्यटकों की सुरक्षा किसके आदेश पर हटाई गई थी?
ये सवाल पूछने पर FIR कर दी जाती है लेकिन इनका जवाब नहीं दिया जाता।
इन सवालों को भूलना नहीं है… पूछते रहना है।’
नेहा सिंह के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने नेहा के सवालों का समर्थन किया तो कुछ ने इसे राजनीतिक बयान बताते हुए आलोचना की।
सरकार पर तीखा हमला
नेहा ने अपने संदेश में यह भी संकेत दिया कि जो भी नागरिक सरकार से जवाब मांगता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि FIR तो दर्ज कर दी जाती है, लेकिन जवाब नहीं दिया जाता। उनके इस बयान से कई राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
ट्वीट के कुछ ही देर बाद यूजर्स ने इसे लाइक और रीट्वीट किया। समर्थकों ने नेहा की तारीफ करते हुए लिखा कि देश में सवाल पूछना लोकतंत्र की निशानी है। वहीं विरोधियों का कहना है कि ऐसे बयानों से देश की छवि को नुकसान पहुंचता है।
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब नेहा सिंह राठौर ने अपने बयानों से सुर्खियां बटोरी हों। इससे पहले भी उनकी गीत श्रृंखला ‘यूपी में का बा’ और ‘बिहार में का बा’ को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था। कई मौकों पर उन्हें सरकारी कार्रवाई और नोटिसों का भी सामना करना पड़ा।


