
Bihar Elections 2025
Bihar Elections 2025
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर 2025 को होगा। इसके साथ ही प्रदेश का सियासी पारा चढ़ चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
तेजस्वी यादव को लेकर किए गए हालिया सर्वे बताते हैं कि वे बिहार की जनता की पहली पसंद बने हुए हैं। हालांकि, अलग-अलग ओपिनियन पोल्स में एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से किसी भी पार्टी या गठबंधन को सत्ता में आने के लिए 122 सीटों के बहुमत की आवश्यकता है।
एक सर्वे के मुताबिक महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वामदल) को बहुमत के करीब पहुंचने की संभावना है। सर्वे के मुताबिक महागठबंधन को 118 से 126 सीटें, एनडीए को 105 से 114 सीटें, और अन्य दलों को 2 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, बिहार चुनाव को लेकर हुए एक और सर्वे में बिल्कुल ही उलट तस्वीर दिखाई है। इस सर्वे में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक एनडीए को 131 से 150 सीटें, जबकि महागठबंधन को 81 से 103 सीटें और अन्य दलों को 9 से 12 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इस सर्वे में भाजपा को 66 से 77 सीटें, जबकि जेडीयू को 52 से 58 सीटें मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, आईएएनएस-मैट्राइज पोल ने भी एनडीए के पक्ष में अनुमान जताया है। इसके मुताबिक एनडीए को 150 से 160 सीटें, महागठबंधन को 70 से 85 सीटें, और अन्य दलों को 7 से 10 सीटें मिल सकती हैं।
जनता की पसंद में बदलता मूड
सर्वे यह भी दिखा रहे हैं कि फरवरी से सितंबर तक के बीच हुए सीएम पसंद सर्वे में तेजस्वी यादव लगातार पहले नंबर पर बने हुए हैं, जबकि प्रशांत किशोर ने भी सितंबर में जनता के बीच नई दिलचस्पी जगाई है। अब देखना यह होगा कि जनता का फैसला क्या होगा। क्या नीतीश कुमार फिर से सत्ता पर काबिज होंगे, या तेजस्वी यादव बिहार की कमान संभालेंगे? या फिर प्रशांत किशोर सियासत का समीकरण बदल देंगे? बिहार की राजनीति में इस बार मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।