
UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओबीसी विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बहुप्रतीक्षित सूची जारी की गई है। इस सूची में पिछड़ी और अतिपिछड़ी जातियों के पदाधिकारीगणों की संख्या को आबादी के अनुपात में रखते हुए 35 प्रतिशत और 65 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो कांग्रेस के मुख्य एजेंडे जितनी आबादी उतना हक के प्रति शीर्ष नेतृत्व की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर ओबीसी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिन्द व कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवनियुक्त सामाजिक न्याय के योद्धाओं को बधाई देते हुए विभाग का आगामी विस्तृत कार्यक्रम भी सुनिश्चित किया है।
सामाजिक न्याय के प्रति जागरूकता
ओबीसी विभाग, उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय और जागरूकता के लिए प्रदेश भर में ब्लॉक और जनपद स्तर पर चौपाल आयोजित कर ओबीसी समाज को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण, संस्थाओं में नौकरी, और संसाधनों में हिस्सेदारी के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ब्लॉक और जनपद स्तर पर चौपाल आयोजित की जाएगी।
जिसका उद्देश्य आरएसएस-बीजेपी की शोषणकारी नीतियों, जैसे निजीकरण, संविदाकरण, आरक्षण घोटाला, पक्षपाती लैटरल एंट्री,आर्थिक आधार पर ईडब्ल्यूएस आरक्षण, एनएफएस, कोलीजियम सिस्टम आदि द्वारा ओबीसी समाज के हक़ और अधिकार की संस्थागत एवं नीतिगत लूट को उजागर करना है। प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा द्वारा संस्थाओं के दुरूपयोग और वोट के अधिकार पर बढ़ते खतरे के प्रति जनता को जागरूक किया जाएगा।
आरएसएस के जन्म के असली उद्देश्य
इस विषय पर गोष्ठी आयोजित कर आरएसएस के जन्म के असली उद्देश्य, उसकी कार्यप्रणाली, ओबीसी आरक्षण के खिलाफ कमंडल आंदोलन में उसकी भूमिका, और अन्ना आंदोलन में उसकी भूमिका जैसे ख़ास मुद्दों पर जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा जिला स्तर पर सामाजिक न्याय सम्मेलन और भागीदारी न्याय सम्मेलन तथा मंडल स्तर पर मंडलीय सम्मेलन किया जाएगा।
अंत में प्रदेश स्तर पर एक व्यापक रैली आयोजित कर भाजपा की पिछड़ा विरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा। ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने विश्वास जताया कि ये कार्यक्रम सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मज़बूती देंगे तथा कांग्रेस के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाएंगे।