
Ayodhya News (Image From Social Media)
Ayodhya News (Image From Social Media)
Ayodhya News: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा ‘एक देश, एक चुनाव’ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से परमहंस शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में एक युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वर्तमान समय की अपरिहार्य मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक साथ चुनाव कराने से देश का आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। मंत्री सिंह ने बार-बार होने वाले चुनावों से विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं और संसाधनों की भारी बर्बादी का उल्लेख करते हुए इसे रोकने की आवश्यकता बताई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नितिन मित्तल ने इस अवसर पर कहा कि ‘एक देश, एक चुनाव’ की नीति पूरे देश में राजनीतिक स्थिरता और नीतिगत निरंतरता लाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे आम जनता को बार-बार चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने की असुविधा से मुक्ति मिलेगी, जिससे वे विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
अयोध्या के पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश का भविष्य एक स्थिर शासन व्यवस्था में ही सुरक्षित है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘एक देश, एक चुनाव’ की अवधारणा देश के विकास को एक नई गति प्रदान करेगी और सुशासन स्थापित करने में सहायक होगी।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘एक देश, एक चुनाव’ की अवधारणा की गहराई को समझें और इसे एक जन-जागरूकता अभियान के रूप में गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने युवाओं को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक सिंह मोनू, विशाल सिंह, शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, प्रतीक श्रीवास्तव, अवधेश वर्मा, अमल गुप्ता, सुनील मिश्र और रवि शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के विचार को आगे बढ़ाने और जनता के बीच इसके लाभों को प्रचारित करने का संकल्प लिया।