
Bihar Election date 2025
Bihar Election date 2025
Bihar Election 2025 Date: बिहार की राजनीति एक बार फिर चुनावी रंग में रंगने वाली है। राज्य में नेताओं की सक्रियता इस ओर इशारा कर रही है कि विधानसभा चुनाव नवंबर में कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग भी पूरी तैयारी में जुटा है और माना जा रहा है कि अक्टूबर महीने में इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
राज्य में इन दिनों मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम चल रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपडेटेड मतदाता सूची सामने आएगी और फिर आधिकारिक रूप से चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि दुर्गा पूजा और दशहरा के तुरंत बाद अक्टूबर के पहले या दूसरे हफ्ते में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।
कितने चरणों में होगा मतदान?
अगर पिछले चुनाव की तरह देखा जाए तो 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव 3 चरणों में हुए थे। इस बार भी आयोग 2 से 3 चरणों में मतदान कराने का मन बना रहा है। दरअसल, अक्टूबर के महीने में दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहार पड़ रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि मतदान की तारीखें इन त्योहारों के बाद ही रखी जाएं। माना जा रहा है कि 15 से 20 नवंबर के बीच मतगणना पूरी हो जाएगी और 22 नवंबर तक नए विधानसभा का गठन हो जाएगा।
पिछली बार किसने जीती कितनी सीटें?
बिहार की राजनीति हमेशा से ही दिलचस्प मुकाबलों के लिए जानी जाती रही है। 2020 के चुनाव में NDA ने 125 सीटें जीती थीं, जबकि महागठबंधन को 110 सीटों पर सफलता मिली थी। एनडीए में जनता दल यूनाइटेड को 43, भाजपा को 74, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को 4 और विकासशील इंसान पार्टी को 4 सीटें मिली थीं। वहीं, महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल 75, कांग्रेस 19 और वामदलों को 16 सीटें हासिल हुई थीं।
इस बार का मुकाबला और भी कड़ा
इस बार मुकाबला पहले से भी ज्यादा दिलचस्प और कड़ा होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने पूरी ताकत झोंक दी है। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी वामदलों के साथ मिलकर एनडीए को सीधी चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा और जेडीयू अपने पुराने गठबंधन के दम पर सत्ता बचाने की कोशिश करेंगे।