
Lucknow News (PHOTO: Newstrack)
Lucknow News
Lucknow News: यूपी के बलिया की बांसडीह सीट से भारतीय जनता पार्टी विधायक केतकी सिंह के खिलाफ बुधवार को राजधानी लखनऊ में समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साई कार्यकर्ताओं ने हाथों में पानी की टोटियाँ लेकर केतकी सिंह के आवास का घेराव किया और जमकर नारे लगाए। यह अनोखा विरोध प्रदर्शन उस टिप्पणी के खिलाफ था। जिसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर विधायक केतकी सिंह ने की थी।
एमएलए केतकी सिंह के आवास के बाहर सपा महिला सभा का प्रदर्शन

समाजवादी महिला सभा से जुड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक केतकी सिंह ने अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक और असम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, जिससे वह सब आहत हैं। इसी के विरोध में उन्होंने उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई तीख झड़प

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं समाजवादी महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष नेहा सिंह ने कहा कि विधायक केतकी सिंह बार-बार आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रही हैं, जो बेहद ही शर्मनाक है। उन्होंने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ जिस तरह की टिप्पणी की है, वह कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम उन्हें प्रतीकात्मक रूप से ‘टोटी’ दान करने आए हैं, ताकि उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना आ जाए।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी द्वारा लगातार यह आरोप लगाया जा रहा है कि भाजपा के नेता विपक्षी नेताओं के खिलाफ भाषा की मर्यादा तोड़ रहे हैं। ऐसे में यह विरोध प्रदर्शन सिर्फ एक विधायक के खिलाफ नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है।