
OP Rajbhar Heath Update
OP Rajbhar Heath Update
OP Rajbhar Heath Update: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर की तबीयत को लेकर अब राहत भरी खबर सामने आई है। अस्वस्थता के चलते उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही थी। डॉक्टरों की निगरानी और इलाज के बाद अब उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। यह खबर सामने आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज
जानकारी के मुताबिक, पिछले दिनों अचानक तबीयत बिगड़ने पर पहले उन्हें लखनऊ के डॉ० राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम 24 घंटे उनकी सेहत पर नजर रख रही। अब डॉक्टरों का कहना है कि राजभर की तबीयत पहले से काफी बेहतर है।
अरविंद राजभर ने दी जानकारी
सुभासपा नेता डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि ओमप्रकाश राजभर की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक प्रगति उनके शुभचिंतकों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं का ही परिणाम है। उन्होंने सभी समर्थकों, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताते हुए कहा कि सभी की दुआओं और प्रार्थनाओं ने बड़ी ताकत दी है। जैसे ही ओमप्रकाश राजभर के स्वास्थ्य में सुधार की खबर आई, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहत की सांस ली।
राजभर को आया था माइनर ब्रेन स्ट्रोक
बीते दिन अचानक ओमप्रकाश राजभर को ब्लड प्रेशर और हार्ट से जुड़ी कुछ परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने बताया कि राजभर को माइनर ब्रेन स्ट्रोक आया था। इसकी जानकारी जैसे ही यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को मिली वो उनका हालचाल लेने तुरंत अस्पताल भी पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने राजभर संग तस्वीरें पोस्ट करते हुए उनके जल्द ठीक होने की कामना की।