
Congress News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में संगोष्ठी आयोजित हुई। इस दौरान कई वक्ताओं ने कांशीराम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की है। संगोष्ठी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सामाजिक परिवर्तन प्रेरणा स्थल समता मूलक चौराहे पहुंचकर कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
वोट की राजनीति करने का आरोप
इस मौके पर उनके साथ पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री राजबहादुर और ओपी त्रिपाठी सहित सैकड़ों कांग्रेसी उपस्थित रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने जीवन भर दलितों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर संघर्ष किया। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कांशीराम की याद नहीं आई, लेकिन बिहार चुनाव नजदीक है, वह भाजपा के कहने पर रैली आयोजित कर दलित समाज को गुमराह कर वोट की राजनीति कर रही हैं।

मिशन को पूरा करने का लक्ष्य संकल्प
अजय राय ने आरोप लगाया कि इस रैली से साबित हो गया कि बहन कुमारी मायावती भाजपा की असली सदस्य हैं, आरएसएस की सहायिका हैं। अजय राय ने कहा कि जननायक राहुल गांधी पूरे देश में दलितों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष कर रहे हैं। मान्यवर कांशीराम के अधूरे मिशन को हमारे नेता राहुल गांधी पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कांशीराम के विचारों को अमर बताते हुए दुख व्यक्त किया कि जिन लोगों ने साथ मिलकर बसपा की स्थापना की थी, उन्हें हाशिए पर रख दिया गया है।

कांग्रेस नेताओं के काशीराम पर विचार
पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांशीराम के जीवन और संघर्ष की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने दलितों, शोषितों और वंचितों को जगाने के लिए अपमान सहकर भी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। काशीराम के लिए काम करने वाले पूर्व मंत्री राज बहादुर ने कहा कि कांशीराम ने सोती जनता को जगाने का काम किया था, अब वही काम राहुल गांधी कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को कांशीराम का असली उत्तराधिकारी बताया। अनुसूचित जाति के चेयरमैन तनुज पुनिया ने भाजपा सरकार पर दलितों से कलम छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी और वंचितों की लड़ाई आज राहुल गांधी लड़ रहे हैं।
