प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया बोइंग 787-8 विमान हादसे के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। इस दुखद हादसे में 241 लोगों की जान चली गई और केवल एक यात्री जीवित बचा। पीएम मोदी ने इसके बाद अहमदाबाद के सिविल अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति का जायजा लिया।
लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए अहमदाबाद से रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद एक मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर्स सहित कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें से केवल एक ब्रिटिश यात्री जीवित बचा।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद थे। पीएम ने अस्पताल में घायल यात्री से भी मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
फोरेंसिक टीम ने जाँच शुरू की
अहमदाबाद हवाई अड्डे के हादसे के स्थल पर फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद मेघनीनगर क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
एयर इंडिया ने क्या कहा
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘हम इस त्रासदी से गहरे दुख में हैं और पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हादसे की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति गठित की गई है, जो अंतरराष्ट्रीय उड्डयन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी।’
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। जांच दल फ्लाइट डेटा, कॉकपिट रिकॉर्डिंग्स और उपलब्ध वीडियो की जांच करेगा। यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर का पहला हादसा है, जिसने विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।
एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट तीन घंटे बाद वापस लौटी
एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट तीन घंटे तक हवा में चक्कर लगाकर वापस मुंबई में लौट गई। एयर इंडिया की फ्लाइट AIC129 शुक्रवार सुबह मुंबई से लंदन के लिए रवाना हुई थी। फ्लाइटराडार24 के अनुसार, यह विमान सुबह करीब 8:36 बजे मुंबई से उड़ा था।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा है कि इसराइल के ईरान पर हमले के बाद सुरक्षा कारणों से कई फ्लाइटें प्रभावित हुई हैं। इन फ्लाइटों में लंदन जाने वाली वह फ्लाइट भी है।