Shaktisinh Gohil Resign: गुजरात में हुए विधानसभा उप-चुनाव में कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। खासकर कडी और विसावदर सीट पर कांग्रेस हार गई। इस हार के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने सोमवार को अपना इस्तीफा दे दिया। अब कांग्रेस में शैलेश परमार को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। शैलेश परमार अहमदाबाद की दानिलिमदा विधानसभा सीट से विधायक हैं।
शक्ति सिंह गोहिल ने क्या कहा?
शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि मुझे देश की सबसे पुरानी और अच्छी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस का अनुशासित सिपाही होने पर गर्व है। मैंने पूरी मेहनत की लेकिन हम इस बार उप-चुनाव में सफल नहीं हो सके। विसावदर और कडी की सीट कांग्रेस हार गई। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, संगठन महासचिव वेणुगोपाल और गुजरात प्रभारी मुकुल वासनिक का धन्यवाद किया, जिन्होंने हमेशा उनका समर्थन किया। गोहिल ने कहा कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी का मार्गदर्शन उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा है और वे हमेशा उनके आभारी रहेंगे।
अनुशासित सिपाही बना रहूंगा
शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि कांग्रेस की परंपरा और भावना को समझते हुए उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेकर अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और मीडिया का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी पद या व्यक्ति से बड़ी है और वे हमेशा कांग्रेस के अनुशासित सिपाही बने रहेंगे।
गुजरात में हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जीत मिली है, जबकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। विसावदर सीट पर आप के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने 75,942 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस सिर्फ 5,501 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि बीजेपी के किरीट पटेल को 58,388 वोट मिले। गौरतलब है कि 2022 में भी इस सीट पर आप ने जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में विधायक बीजेपी में शामिल हो गया था, जिससे उपचुनाव कराना पड़ा।
वहीं, कडी सीट पर बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने 99,742 वोटों के साथ जीत दर्ज की। कांग्रेस उम्मीदवार रमेश चावड़ा को 60,290 वोट मिले, जबकि आप के जगदीश चावड़ा को केवल 3,090 वोट मिले। यह सीट बीजेपी विधायक के निधन के कारण खाली हुई थी। इन नतीजों ने कांग्रेस की स्थिति को और कमजोर कर दिया है।